पिता-पुत्र के एक ही दल से एक साथ नामांकन दाखिल करने को लेकर चढ़ा स
सपा महासचिव और उनके पुत्र के एक साथ नामांकन पर गर्म रहा सियासी गलियारा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। कौशाम्बी संसदीय सीट से बृहस्पतिवार को बसपा प्रत्याशी शुभनारायण गौतम और सपा से इंद्रजीत सरोज और उनके पुत्र पुष्पेंद्र सरोज समेत 10 उम्मीदवारों ने नामांकन पर्चा दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने वालों की संख्या अब 14 हो गई। पिता-पुत्र के पर्चा दाखिल करने पर दिनभर सियासी गलियारा गर्म रहा।
प्रमुख राजनीतिक दलों का नामांकन होने के कारण बृहस्पतिवार को मुख्यालय में भारी गहमागहमी रही। डायट मैदान से कलक्ट्रेट परिसर तक सख्त पहरा रहा। जगह-जहग बैरिकेडिंग लगाकर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश रोक दिया गया था। कलक्ट्रेट के अंदर सिर्फ प्रत्याशी और प्रस्तावक को ही जाने की इजाजत दी गई।
सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज व उनके पिता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने कलक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार राय के समक्ष तीन-तीन सेटों में अपना-अपना नामांकन दाखिल किया। पुष्पेंद्र की तरफ से प्रदीप चौधरी, शहनवाज अहमद व चंद्रजीत अलग-अलग सेटों के प्रस्तावक रहे। वहीं, इंद्रजीत के नामांकन में परवेज अख्तर अंसारी, आनंदमोहन पटेल व मानसिंह प्रस्ताव रहे।
बसपा प्रत्याशी शुभनारायण गौतम ने भी प्रस्तावक एकलाख बाबू के साथ कलक्ट्रेट पहुंचकर एक सेट में अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल किया। इनके अलावा पीडीए गठबंधन से अपना दल कमेरावादी के नरेंद्र सरोज ने 10 प्रस्तावकों के साथ नामांकन किया।
-
इन प्रत्याशियों ने भी दाखिल किया नामांकन
बहुजन मुक्ति पार्टी से राजेंद्र सोनकर, पीपुल्स पार्टी ऑफ इंडिया डेमोक्रेटिक से साकेत कुमार, निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में प्रदीप कुमार, छेद्दू, संजय कुमार, मटरू ने कलक्ट्रेट पहुंचकर अपनी-अपनी उम्मीदवारी का पर्चा दाखिल किया।
इन्होंने खरीदा नामांकन पत्र
सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी से राममिलन के लिए अजय प्रकाश ने नामांकन पत्र खरीदा। निर्दलीय धर्मेंद्र कुमार व गंगा ने भी पर्चे खरीदे। इस तरह से अब तक कौशाम्बी संसदीय क्षेत्र से नामांकन पत्र खरीदने वालों की संख्या 36 हो गई है।
कलक्ट्रेट में नामांकन करने जाते सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज व साथ इंद्रजीत सरोज। संवाद
कलक्ट्रेट में नामांकन करने जाते सपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सरोज व साथ इंद्रजीत सरोज। संवाद