महिला गांव में हादसे के बाद मौके पर जांच करती पुलिस। संवाद
कौशाम्बी थाना क्षेत्र की गुरौली चौकी अंतर्गत महिला गांव में शनिवार रात करीब आठ बजे एक 16 चक्का डंपर अनियंत्रित होकर गांव में घुस गया। हादसे में मंदिर सहित कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से भाग निकला लेकिन यमुना पुल पार चित्रकूट जिले के मऊ के पास वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। सूचना पर एसडीएम, सीओ और कौशाम्बी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष जगदीश कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर डंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। संवाद