कोतवाली के सौरई बुजुर्ग के समीप तेज रफ्तार वाहन की टक्कर लगने से साइकिल सवार किशोर की मौत हो गई। वह घर का इकलौता चिराग था। हादसे की खबर के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर हाल खराब है। टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है।
बागवंशी मजरा अलावलपुर टिकरी निवासी मो. हसीब का इकलौता बेटा मो अमन (14) शुक्रवार शाम साइकिल से खरीदारी करने के लिए देवीगंज बाजार आया था। शाम को वापस लौटते वक्त सौरई बुजुर्ग स्थित मौनी बाबा की कुटी के समीप तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने साइकिल में टक्कर दी।
घटना में अमन को गंभीर चोट आईं। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस के कर्मचारी इलाज के लिए उसे सीएचसी इस्माइलपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रास्ते में लगे सीसीटीवी के जरिये टक्कर मारने वाले वाहन का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।