सौरई बुजुर्ग गांव के मृतक राकेश कुमार जायसवाल की फाइल फोटो
डंपर की टक्कर से सफाईकर्मी की मौत
मंझनपुर कोतवाली के रघवापुर स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
कड़ा। मंझनपुर कोतवाली के रघवापुर स्थित पेट्रोल पंप के पास बेकाबू डंपर ने सड़क किनारे सफाईकर्मी को टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने भतीजे की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कड़ाधाम थाना क्षेत्र के सौंरई बुजुर्ग निवासी राकेश जायसवाल उर्फ ननभइया (45) कड़ा ब्लाॅक में सफाईकर्मी कार्यरत था। शुक्रवार को वह अपने भतीजे पवन के साथ किसी काम से मंझनपुर गया था। देर शाम चाचा-भतीजे बाइक से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में रघवापुर पेट्रोल पंप के समीप राकेश बाइक से उतरकर सड़क किनारे लघुशंका करने लगा। इसी बीच मंझनपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर राकेश को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से जख्मी राकेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक डंपर समेत भाग गया। इंस्पेक्टर संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि मृतक के भतीजे की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
-
बाइक सवार को बचाने में पलटा डंपर, ड्राइवर-खलासी घायल
भरवारी। कोखराज कोतवाली के रोही बाईपास के समीप शनिवार की दोपहर बाइक सवार को बचाने में बालू लदा डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर चालक गगन तिवारी (35) निवासी औरया व खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए घायलों को एबुंलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया। जहां खलासी की हालत गंभीर बताई जा रही है। संवाद