पीडी, एक्सईएन समेत 14 अफसरों को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि
-आइजीआरएस के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर डीएम ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मंझनपुर। जिले के अफसर जन शिकायतों के निस्तारण में घोर लापरवाही बरत रहे हैं। इसका खुलासा आइजीआरएस शिकायतों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान हुआ। डीएम सुजीत कुमार ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए 14 अफसरों के खिलाफ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी है। जिलाधिकारी ने 2 दिन पहले आईजी आरएस पोर्टल पर दर्ज लंबित एवं डिफाल्टर शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान पता चला कि जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक अजीत प्रताप सिंह, आरईडी के अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार,डिप्टी आरएमओ अंशुमाली शंकर, अधिशासी अधिकारी दारानगर अनिल कुमार मौर्य, खंड विकास अधिकारी सरसवा सतीश कुमार सिंह, बीडियो मंझनपुर विजय शंकर त्रिपाठी, बीडियो सिराथू भावेश शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी दिलीप कुमार,संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ सुनील कुमार शुक्ला,सहायक परियोजना प्रबंधक राज्य सेतु निगम रोहित मिश्रा, एडीओ सरसवा शिव कुमार श्रीवास्तव, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मंझनपुर नीरज कुमार, एडीओ सिराथू दशरथ लाल, एबीएसए मंझनपुर जवाहर लाल यादव समेत 14 अफसरों के पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण नियत समय गुजरने के बावजूद नहीं किया गया। जबकि आईजीआरएस पर दर्ज शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में से एक है। इसके अलावा इन शिकायतों की मानिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री करते हैं। इसके बावजूद अफसरों की इस लापरवाही को लेकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए सभी के खिलाफ विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी। इस कार्रवाई से अफसरों में खलबली है।