पश्चिम शरीरा पुलिस के हत्थे चढ़ा हत्यारोपी धर्मेंद्र यादव। संवाद
पश्चिमशरीरा कोतवाली के देवरी गांव में हफ्ते भर पहले हुई किसान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। किसान की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके बेटे ने ही महज एक बीघा भूमि की लालच व पत्नी से अवैध संबंधों के शक में की थी।पुलिस ने हत्यारोपी बेटी को गिरफ्तार कर आला कत्ल बरामद कर लिया। लिखापढ़ी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि देवरी गांव निवासी किसान रामसूरत (55) 13 मार्च की रात अपने बेटे धर्मेंद्र व अंकित के साथ फसलों की सिंचाई करने खेत गया था। रात करीब दस बजे उसने दोनों बेटों को घर भेज दिया। अंकित तो घर चला गया, लेकिन धर्मेंद्र गेहूं के खेत में ही छिपकर बैठ गया।
पुलिस के मुताबिक धर्मेंद्र ने आधी रात को सोते समय पिता रामसूरत पर फावड़े व चाकू से प्रहार कर हत्या कर दी। अपराध छिपाने के लिए मुंह को ईंट से कूंच कर सूरत बिगाड दिया। मामले में मृतक के बेटे ने भेलखा निवासी रिश्ते के मामा समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
घटना के खुलासे के लिए एसपी ने पुलिस की तीन टीमें लगाई थीं। पूछताछ के मृतक के बेटे धर्मेंद्र का बयान संदिग्ध मिला। इस पर उससे कर्रा किया गया तो आरोपी ने जुर्म कुबूल कर लिया। एसपी के मुताबिक धर्मेंद्र ने बताया कि ननिहाल भेलखा में मिली 50 लाख रुपये कीमती एक बीघा जमीन को रामसूरत ने महज पांच लाख में दो लोगों के नामा इकरारनामा कर दिया था। जिसे वह निरस्त कराने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।
इसके अलावा वह पिता पर पत्नी से अवैध संबंध का भी शक कर रहा था। इसी वजह से मौका पाते ही पिता की हत्या कर दी। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर मंगलवार रात आला कत्ल बरामद करते हुए चालान न्यायालय कर दिया। बुधवार को अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया।