एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रयागराज यूनिट व संदीपनघाट कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर 54. 20 लाख की स्मैक के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी प्रयागराज, कौशाम्बी सहित कई जनपदों में रईसजादों के पास स्मैक पहुंचाया करता था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आगे न पीछे के नेटवर्क के बाबत पता लगा रही है। माना जा रहा है कि गिरोह के पीछे कई बड़े लोगों का नाम सामने आ सकता है।
एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स यूनिट प्रयागराज के प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह काफी दिनों से स्मैक तस्करों की धर-पकड़ के लिए प्रयासरत थे।
रविवार सुबह मुखबिर से पता चला कि एक व्यक्ति बाइक से स्मैक लेकर कौशाम्बी की तरफ जा रहा है।
इस पर उन्होंने संदीपपनघाट कोतवाली पुलिस की मदद से भैरो भीटी गांव के समीप पन्नोई मोड़ पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। प्रयागराज की ओर से आ रहे बाइक सवार युवक ने पुलिस टीम को देखा तो वह बाइक मोड़ कर भागने लगा।
इस पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रयागराज के धूमनगंज कोतवाली इलाके के ताड़बाग निवासी सोनू के रूप में हुई। उसके पास से 271 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। आरोपी ने बताया कि वह भदोही के गोपीगंज से थोड़ा आगे हाईवे पर एक व्यक्ति से स्मैक खरीदता है और प्रयागराज व कौशाम्बी में फुटकर बिक्री करता है।
एसपी ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत कीमत 54 लाख 20 हजार रुपये है। संदीपनघाट कोतवाली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया है।
आरोपी किसी के किसी गैंग से जुड़े होने की आशंका है। उसके आगे व पीछे के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है। गिरोह में जो भी लोग शामिल होंगे, उनकी कड़ी तलाशी जा रही है। सभी के खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
-
होटल व रईसजादों को होती थी आपूर्ति
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कुछ होटल व रईस लोगों के बच्चों का नाम उजागर किया है। इन्हीं लोगों को वह स्मैक की सप्लाई करते थे। पुलिस सभी की कुंडली खंगाल रही है। पुलिस का मानना है कि जल्द ही कई बड़े चेहरे बेनकाब होंगे।