मंझनपुर। जिले में शनिवार को ही एक साथ डेंगू के सात नए मरीज मिले हैं। इससे स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई।
डेंगू का प्रसार जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को भी सात नए मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इन मरीजों में मंझनपुर निवासी धनंजय, लालता प्रसाद और अमरेश, सिराथू के वासुदेव सिंह, सयारा निवासी सचिन श्रीवास्तव, नेवादा की शिवानी, सरसवां के कल्पेश शामिल हैं। इनमें से छह मरीजों की जांच संयुक्त जिला चिकित्सालय में हुई थी।
रिपोर्ट आने के बाद सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने संबंधित क्षेत्र के चिकित्साधिकारियों को अलर्ट कर दिया है। सीएमओ ने बताया कि जिला मलेरिया विभाग की टीम को भी संबंधित इलाकों में जाकर जांच करने और बीमारी के रोकथाम के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।