कोखराज कोतवाली के परसरा गांव में मंगलवार सुबह की घटना
भरवारी। कोखराज कोतवाली के परसरा गांव में मंगलवार सुबह घर के दरवाजे का जर्जर छज्जा गिरने से आंगन में खेल रहे सात बच्चे छज्जे के मलबे दबकर घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर एक बच्चे को स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) चिकित्सालय प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।
परसरा निवासी शोभा देवी पत्नी स्व. चेतराम का बस्ती से बाहर तालाब किनारे घर है। सुबह शोभा के चार बच्चे आदित्य उर्फ आशु (12), आर्यन (6), रिया (10) व स्नेहा (8), पिपरी के पूरे नैन निवासी रिश्तेदार की बेटियां कनक (5) व कशिश (7) के साथ पड़ोसी कोटेदार दिनेश का बेटा चंदू (12) घर के आंगन में खेल रहे थे। इसी बीच अचानक घर के दरवाजे का छज्जा भरभराकर ढह गया। सातों बच्चे मलबे के नीचे आ गए।
चीख-पुकार सुन बस्ती के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। मलवा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया। घायल बच्चों को फौरन एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से आशु की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे एसआरएन अस्पताल प्रयागराज रेफर कर दिया।