स्कार्पियो ने बाइक में मारी टक्कर, किसान की मौत, साथी घायल
कोखराज के पन्नोई मोड़ के समीप शनिवार रात हुआ हादसा, कोहराम
संवाद न्यूज एजेंसी
इमामगंज। कोखराज के पन्नोई मोड़ के समीप शनिवार की रात तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक सवार उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। ग्रामीणों के दौड़ाने पर चालक स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पन्नोई गांव निवासी 50 वर्षीय भगवानदीन किसानी करके परिवार का गुजारा करता था। शनिवार को वह अपने पड़ोसी कैलाश पुत्र बुदुल के साथ किसी काम से मरधरा गया था। रात तकरीबन साढ़े आठ बजे घर लौटते समय पन्नोई मोड़ के समीप पीछे से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उसकी बाइक में टक्कर मार दिया। जोरदार टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गया। आसपास रहे ग्रामीणों ने दौड़कर दोनों को उठाया और सूचना पुलिस व एंबुलेंस को दी। एंबुलेंश मौके पर पहुंचती कि इससे पहले भगवानदीन की सांसे थम गईं। हादसे में गंभीर रूप से घायल कैलाश को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उधर दुर्घटना के बाद ग्रामीणों के पीछा करने पर ड्राइवर भैरव भीटी के पास स्कार्पियो छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही वाहन को कब्जे में ले लिया है।