चुनाव में लगने वाले वाहनों का किराया 40 फीसदी बढ़ा
मंझनपुर। लोकसभा चुनाव में लगने वाले वाहनों के किराए में इस बार बढ़ोतरी कर दी गई है। वाहन स्वामियों को विगत चुनाव के सापेक्ष 40 प्रतिशत अधिक किराया मिलेगा। एआरटीओ तारकेश्वर मल्ल ने बताया कि 15 से 24 सीट वाले वाहन के लिए 1,697 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। 25 से 34 सीट वाले वाहनों को 1,912 रुपये प्रतिदिन दिए जाएंगे। 35 से 40 सीट वाले वाहन को 2,139 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे। 41 से 45 सीट वाले वाहनों को 2,213 रुपये प्रतिदिन और 46 से अधिक सीट वाले वाहनों को 2,510 रुपये प्रतिदिन किराया दिया जाएगा। इसके अलावा हल्के वाहनों को 1200 सीसी वाले पेट्रोल वाहन को 1,264 रुपये, डीजल वाहन 1450 सीसी वाले वाहन को 1460 रुपये दिए जाएंगे। 1450 सीसी से अधिक के वाहनों को 2,140 रुपये प्रतिदिन ईंधन के अतिरिक्त किराया दिया जाएगा। इसके अलावा मालवाहक वाहनों के किराए में भी वृद्धि की गई है।