सिराथू। नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर दो स्थित पंप हाउस की मोटर जल जाने से पेयजल संकट खड़ा हो गया है। पांच हजार लोग तीन दिन से पानी के लिए परेशान हैं।
नगर के वार्ड नंबर दो स्थित पंप हाउस से वार्ड नंबर आठ धाता रोड, मंझनपुर रोड, वार्ड नंबर एक आंबेडकर नगर और वार्ड नंबर दो परसीपुर के अलावा सिराथू गांव के कुछ मोहल्ले में पानी की आपूर्ति की जाती है। बृहस्पतिवार को पंप हाउस की मोटर जल गई। इसके चलते इन वार्डों में पेयजल संकट खड़ा हो गया है।
हैंडपंपों के सहारे किसी तरह लोग काम चला रहे हैं, लेकिन इसमें भी काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। हैंडपंप से बाल्टी में पानी लेकर घर तक पहुंचाने में सांस फूल जाती है। हालांकि नगर पंचायत ने टैंकरों से पानी पहुंचाने की व्यवस्था की, लेकिन वह नाकाफी साबित हो रही है। वार्ड नंबर आठ के अनिकेत केसरवानी ने बताया कि उनके मोहल्ले में एक हैंडपंप में सबमर्सिबल पंप की मोटर पड़ी थी। वह भी खराब है। यह दुरुस्त होती तो इतनी दिक्कत न झेलनी पड़ती। 15 दिन पहले शिकायत के बाद भी अफसरों ने ध्यान नहीं दिया।
पंप हाउस की मोटर जल जाने के कारण पानी नहीं मिल पा रहा है। घरों में खाना बनाने के लिए भी पानी का इंतजाम करने में दिक्कत हो रही है।
- शरद केसरवानी, धाता रोड
पानी की समस्या के कारण दिनचर्या पर विपरीत असर पड़ रहा है। तीन दिन हो गए, लेकिन अब तक नगर पंचायत समस्या को दूर नहीं करा पाया।-
गुलाम चंद्र वर्मा, मंझनपुर रोड
बृहस्पतिवार शाम से पानी की आपूर्ति ठप है। बताया गया कि पंप हाउस की मोटर जल गई है। अधिकारियों को समस्या के निवारण में तेजी दिखानी चाहिए।
-मुकेश केसरवानी, धाता रोड
अक्सर कहीं न कहीं पंप हाउस की मोटर में खराबी आती रहती है। नगर पंचायत को ऐसी स्थिति से निपटने के लिए अलग से मोटर रखनी चाहिए।
- रामजी जायसवाल, धाता रोड
पंप हाउस की मोटर में तकनीकी समस्या आई है। कर्मचारियों को वैकल्पिक मोटर की व्यवस्था करके जलापूर्ति बहाल कराने के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रभावित मोहल्लों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। इसकी लगातार निगरानी की जा रही है।
- सुभाष चंद्र सिंह, ईओ, सिराथू