पिपरी कोतवाली के तिल्हापुरमोड़ स्थित ससुर खदेरी नदी के पुल से कूदकर जान देने जा रही महिला को पुलिस ने बचा लिया। बाद में उसे समझाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पिपरी गांव निवासी श्रीराम ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसकी बेटी मीना की शादी सरायअकिल कोतवाली के चित्तापुर निवासी संदीप कुमार से हुई थी। रविवार दोपहर करीब एक बजे मीना पुल पर पहुंची और नदी में कूदने का प्रयास करने लगी। उसी दौरान वहां से गुजर रहीं उप निरीक्षक सरिता शिकारी ने मीना को देखा और कूदने से पहले उसे रोक लिया। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने बताया कि मीना की दिमागी हालत ठीक नहीं होने के कारण उसका इलाज चल रहा है।