पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के डकशरीरा गांव निवासी राजू की मौत के मामले में पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मृतक की मां रामरती ने दो लोगों पर 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। तहरीर के मुताबिक राजू व उसके पिता कुछ युवकों के साथ गुजरात के राजकोट में काम करने गया था। वहां युवकों से रुपयों के विवाद के बाद वह घर लौट आया। आरोप है कि 30 सितंबर को राजू के घर आने के बाद पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ और 15 हजार रुपये देने के लिए राजू पर दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद उसका शव सिराथू रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेलवे पटरी के किनारे मिला था। शव मिलने के दूसरे दिन शिनाख्त के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग करते हुए महेवाघाट के अजरौली गांव स्थित कौशाम्बी राजापुर हाइवे जाम कर प्रदर्शन किया। पश्चिम शरीरा पुलिस ने डक शरीरा निवासी अतुल और करारी के कांटी निवासी सोनू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।