म्योहर चौराहे स्थित किराने की दुकान में चोरी करता युवक। स्रोत: सीसीटीवी का अंश
स्थानीय बाजार में पुलिस चौकसी को धता बताते हुए चोरों ने एक किराने की दुकान से नकदी समेत हजारों का सामान पार कर दिया। छत के रास्ते दुकान में घुसे चोरों की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस ने तहरीर लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
करारी कोतवाली के म्योहर निवासी शुभम सिंह का म्योहर न्यू मार्केट में मकान है। वहीं उन्होंने किराने की दुकान खोल रखी है। सोमवार देर रात छत के रास्ते चोर दुकान के अंदर पहुंच गए। चोर दुकान के गल्ले में रखा 70 हजार रुपये व कीमती समान समेट ले गए।
सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को खबर दी गई। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। खासबात यह है कि म्योहर बाजार में अर्का पुलिस चौकी की पिकेट लगती है। घटना को लेकर बाजार के कारोबारियों में रोष है।