Play Maker Cricket Academy wins Rizvi Cup
- फोटो : KAUSHAMBI
प्ले मेकर क्रिकेट अकादमी ने जीता रिजवी कप
फाइनल मुकाबले में हरियाणा क्रिकेट अकादमी को आठ विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। प्ले मेकर क्रिकेट अकादमी दिल्ली ने हरियाणा क्रिकेट अकादमी को आठ विकेट से हरा दिया। रिजवी कप के लिए खेली जा रही ऑल इंडिया आबिस एवं शाकिब रिजवी कैशमनी क्रिकेट प्रतियोगिता के खिताब पर कब्जा कर लिया। डॉ. एएच रिजवी कालेज करारी में सोमवार को टॉस हारकर पहले खेलने के लिए मजबूर हरियाणा क्रिकेट अकादमी ने 38.4 ओवर में 175 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में प्लेमेकर अकादमी दिल्ली ने 36.1 ओवर में महज दो विकेट पर 179 रन बनाकर खिताब अपने नाम कर लिया। मैच के बाद मुख्य अतिथि राष्ट्रीय जूनियर चयनकर्ता व उत्तर प्रदेश के पूर्व रणजी कप्तान ज्ञानेंद्र पांडेय और विशिष्ट अतिथि मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य जावेद रिजवी ने पुरस्कार वितरित किया। इस मौके पर ज्ञानेंद्र पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में क्रिकेट के विकास के लिए यूपीसीए द्वारा जूनियर स्तर के मैच आयोजित करवाने का प्रयास किया जाएगा। जावेद रिजवी ने कहा कि रिजवी ग्रुप का प्रयास होगा कि करारी में भी मुंबई जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। रवि तेवातिया को मैन आफ दि मैच, मयंक दाहिया को बेस्ट बैट्समैन, अजय धार्निया को बेस्ट बॉलर एवं शांतनु को मैन आफ द टूर्नामेंट चुना गया। आयोजन समिति के अध्यक्ष राशिद रिजवी ने शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर अतिथियों का स्वागत व सचिव आलोक श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कमेंट्री एवं संचालन अनवर सिद्दीकी ने किया। मैच में शिशिर मेहरोत्रा और एके शर्मा ने अंपायरिंग एवं खुर्शीद अहमद ने स्कोरिंग की। ऑनलाइन स्कोरर अभिषेक कुमार यादव रहे। समारोह में डॉ. एएच रिजवी पीजी कालेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र द्विवेदी, ताहिर अब्बास, अब्बास अली, शैलेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।