करारी। करारी कोतवाली के चकहिंगुई गांव में रविवार सुबह शव के अंतिम संस्कार को लेकर दो समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस और राजस्वकर्मियों ने विवादित भूमि की नापजोख कर मामला शांत कराया। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कस्बे से सटे चक हिंगुई गांव निवासी सरोज की पत्नी वंदना की बीमारी के चलते शनिवार रात मौत हो गई। रविवार सुबह परिजन और रिश्तेदार वंदना का शव दफनाने के लिए गांव के बाहर निर्धारित स्थल पहुंचे। जानकारी मिलते ही विशेष समुदाय के लोगों ने मौके पर पहुंचकर शव का अंतिम संस्कार करने से रोक दिया।
दूसरे पक्ष के लोगों का कहना था कि जमीन पर उनका कब्जा है। इसे लेकर दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। सूचना के बाद राजस्व टीम के साथ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। नापजोख में जमीन तालाबी नंबर की पाई गई। जहां कई पीढि़यों से मृतकों का अंतिम संस्कार होता चला आ रहा है।
कोतवाल प्रमोद कुमार का कहना कि शव दफनाने को लेकर दो पक्ष में विवाद की स्थिति बन गई थी। सूचना पर राजस्वकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर जमीन की नापजोख कराई गई। तालाबी नंबर की भूमि निकलने पर शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया।