कोखराज कोतवाली के असवां मोड़ के समीप डीसीएम की चपेट में आकर पीएसी कर्मी के मौत हो गई। घटना के बाद अनियंत्रित हुई डीसीएम पंचर बनाने की दुकान में जा घुसी। हादसे में पंचर मैकेनिक सहित दो लोग जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने डीसीएम चालक व खलासी को हिरासत में ले लिया है।
चित्रकूटके राजापुर कोतवाली अंर्तगत सराय तलैया निवासी बचन लाल (50) 42 वीं बटालियन पीएसी में सफाई कर्मी थे। शनिवार को वह बाइक से प्रयागराज की तरफ से वापस घर लौट रहे थे। असवां के समीप उनकी बाइक पंचर हो गई। बाइक बनवाने के लिए वह चरवा के चपहुआ निवासी मिस्त्री राजेश की दुकान में लेकर पैदल आ रहे थे।
इस दौरान मंझनपुर की तरफ से प्रयागराज जा रही डीसीएम ने बचन लाल को कुचल दिया। अनियंत्रित हुई डीसीएम पंचर की दुकान में जा घुसी। इससे वहां पहले से ही गाड़ी का पंचर बनवा रहे चकसैदअलीपुर निवासी पवन कुमार व दुकानदार चपहुआ निवासी राजेश जख्मी हो गए। घायलों को इलाज के लिए राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया।
यहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत नाजुक देख प्रयागराज रेफर कर दिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम चालक कृष्ण कुमार निवासी प्रयागराज व मंजू अप्पा निवासी बंगलूरू को हिरासत में लिया है। डीसीएम सवार कर्नाटक से कटहल लादकर प्रयागराज जा रहे थे। इंस्पेक्टर इंद्रदेव का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने विधिक कार्रवाई की जाएगी।