ऑनलाइन हाजिरी के साथ ही अब शिक्षकों को रोजाना विद्यालय में होने वाली प्रार्थना सभा में मौजूद रहना होगा। इसकी फोटोग्राफ बीईओ को भेजनी होगी। जिले के 1088 स्कूलों में सोमवार से यह व्यवस्था लागू होगी। अगर शिक्षक समय से नहीं पहुंचते हैं तो इसकी जानकारी बीईओ को देनी होगी।
परिषदीय विद्यालयों में आठ जुलाई से शिक्षकों की हाजिरी ऑनलाइन कर दी गई है। हालांकि, इसे लेकर कौशाम्बी समेत पूरे प्रदेश के शिक्षक विरोध में हैं। गिने-चुने शिक्षक ही अपनी ऑनलाइन हाजिरी दर्ज कर रहे हैं। इसी बीच एक और फरमान जारी कर दिया गया है, जिसमें नौनिहालों की रोजाना प्रार्थना सभा के समय फोटो क्लिक की जाएगी। इससे एक तो यह मालूम होगा कि विद्यालय में रोजाना प्रार्थना सभा हो रही है और कितने बच्चे आ रहे हैं। बच्चों के स्कूल आने का टाइम क्या है। दूसरा मिड-डे-मील के फर्जीवाड़े पर भी अंकुश लगेगा। बीएसए कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि जिले में कक्षा एक से कक्षा आठ तक करीब 1.53 लाख विद्यार्थी हैं। विद्यालय में कार्यरत सभी शिक्षक प्रार्थना सभा के समय विद्यालय में मौजूद रहेंगे। नौनिहालों के साथ वह अपनी फोटो क्लिक करवाएंगे। प्रधानाध्यापक इस फोटो को रोजाना अपने बीईओ को भेजेंगे। नई व्यवस्था सोमवार से लागू की जाएगी। इस बारे में सभी को निर्देश दे दिया गया है।
दीवार पर चस्पा होगा टोल फ्री नंबर
हर विद्यालय की दीवार पर टोल फ्री नंबर 18008893277 चस्पा किया जाएगा। इस नंबर पर विद्यालय से जुड़ी शिकायत दर्ज कराई जा सकती हैं। प्रधानाध्यापक आने वाली शिकायत का निस्तारण करेंगे।