मंझनपुर। विकास कार्यों में शिथिलता बरतने पर ग्राम पंचायत अवाना आलमपुर के सचिव राम भवन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डीएम ने तीन अक्तूबर को वित्तीय वर्ष 2025-26 के तहत पंचायत भवन और अंत्येष्टि स्थल के कार्यों की समीक्षा की थी। इसमें पाया गया कि ग्राम पंचायत अवाना आलमपुर में कार्य शटरिंग तक पहुंच गया है लेकिन नौ अक्तूबर तक एक भी रुपया व्यय नहीं किया गया। इस पर जिला पंचायत राज अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। असंतोषजनक जवाब मिलने पर सचिव के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।