अजुहा। प्रयागराज-कानपुर हाइवे पर त्रिलोकपुर गांव के समीप नाले में एक नवजात का शव मिला। आरोप है कि पुलिस उसे बाहर निकलवाने के बजाय कुत्ते के बच्चे का शव बताकर उस पर मिट्टी डलवाना शुरू किया। ग्रामीणों के विरोध पर शव बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिर प्रधान की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
सैनी कोतवाली क्षेत्र में मिला शव काफी सड़ चुका था। बदबू होने पर लोग पहुंचे तो उन्होंने नवजात की लाश देखी। घटना की जानकारी पर पुलिस भी आ गई। लोगों का कहना है कि पुलिस ने मामले में पर्दा डालने के लिए कुत्ते के बच्चे का शव बताया। इसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। अनुमान लगाया गया कि शव करीब सप्ताह भर पुराना है। त्रिलोकपुर गांव के प्रधान भरतलाल की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष चंद्रभूषण मौर्य का कहना है शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कुत्ता का बच्चा कहने की बात गलत है। लाश काफी सड़ चुकी थी। इस वजह से उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी।