मूरतगंज बाजार में कपड़े की दुकान से शातिरों ने शादी के कपड़ों की खरीदारी करने आई महिला के पर्स में रखे 25 हजार रुपये चोरी कर लिया। मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पूरामुफ्ती निवासी संगीता देवी प्रजापति पत्नी रामशंकर ने बताया कि उसके भाई संतोष कुमार की शादी होने वाली है। इसी सिलसिले में 30 अप्रैल को वह खरीदारी करने मूरतगंज बाजार गई थीं। दुकान पर खरीदारी के दौरान दो महिला व दो पुरुष भी वहां पहुंच गए। इनके पास एक बच्चा भी था। वे सभी दुकानदार से कपड़े दिखाने के लिए कहने लगे। इसी दौरान आरोपी ने महिला का पर्स चोरी कर लिया। फिर सभी शातिर अलग-अलग दोपहिया वाहनों से फरार हो गए। वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।