बम्हरौली गांव में शिवलाल की मौत के बाद जुटी भीड़। संवाद
कोखराज कोतवाली के अंदावा में बुधवार को निर्माणाधीन मकान में स्लैब डालते वक्त करंट की चपेट में आने से राजमिस्त्री की मौत हो गई जबकि उसका साथी झुलस गया। दोनों लोग छत पर चढ़कर सरिया सीधी कर रहे थे। तभी ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। पुलिस ने झुलसे युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है।
क्षेत्र के पल्टीपुर अंदावा गांव की कुसुम देवी सोनकर घर बनवा रहीं हैं। निर्माणाधीन मकान में बम्हरौली गांव का शिवलाल उर्फ टुल्ली (35) राजगीर का काम करता था। बुधवार को स्लैब डाला जा रहा था। इस दौरान शिवलाल छत पर चढ़कर सरिया सीधी कर रहा था। उसके साथ गांव का ही लवकुश सरिया सीधी करने में मदद कर रहा था। तभी सरिया छत के ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन के तार में छू गई। घटना में शिवलाल व लवकुश गंभीर रूप से झुलस गए। साथ में काम कर रहे अन्य मजदूरों के शोर मचाने पर पहुंचे मकान मालिक व पड़ोसी दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ला रहे थे, जहां रास्ते में शिवलाल की मौत हो गई। लवकुश का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। घटना से पीड़ित परिवार का हाल-बेहाल है। शिवलाल अपने पीछे पत्नी व चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बम्हरौली गांव में शिवलाल की मौत के बाद जुटी भीड़। संवाद