दहेज के लिए विवाहिता की हुई थी हत्या, पति समेत तीन पर केस दर्ज
-चरवा कोतवाली के चौराडीह गांव में 20 सितंबर को फंदे पर लटका मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। चरवा कोतवाली के चौराडीह गांव में हुई विवाहिता के संदिग्ध मौत में नया मोड़ आ गया है। विवाहिता के पिता ने दहेज के खातिर बेटी की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी पति समेत के तीन के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरायअकिल कोतवाली के जरैनी निवासी पारा सिंह की बेटी सुषमा (24) की शादी तीन साल पहले चरवा कोतवाली के चौराडीह निवासी लवमन यादव के साथ हुई थी। पारा सिंह के मुताबिक शादी के बाद से ही बेटी के ससुरालवाले उसे दहेज के खातिर प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाया कि 20 सितंबर की शाम बेटी की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटका दिया था। मृतका के पिता की तहरीर पर शनिवार की रात चरवा कोतवाली पुलिस ने सुषमा के पति लवमन, ससुर फूलचंद्र व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को घर से भगाया
मंझनपुर। कोखराज कोतवाली के किदवइ नगर भरवारी की शिखा पटेल पत्नी विनोद पटेल ने बताया कि उसका पति मुंबई में रहकर कमाई करता है। शादी के बाद से ही ससुराल वाले मायके से एक लाख रुपये नकदी की मांग कर प्रताड़ित करने लगे। आरोप है कि पखवाड़े भर पहले मांग पूरी नहीं होने पर सास, जेठ, ननद व देवर ने बेरहमी से पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया। दोनों परिवार के बीच बिरादरी की पंचायत के बाद भी बात नहीं बन सकी। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सास धनपति देवी, जेठ विजय पटेल, देवर राहुल समेत छह ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्जकर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद