दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। शिकायत पर पुलिस ने पति समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पश्चिमशरीरा गांव की सोनम देवी पुत्री शीतला प्रसाद ने बताया कि दो साल पहले उसकी शादी फतेहपुर जिले के धाता कोतवाली अंतर्गत कचरौली निवासी लवलेश के साथ हुई थी।
आरोप है कि शादी में दहेज से ससुराली संतुष्ट नहीं थे। मायके से दो लाख नकद लाने की मांग कर प्रताड़ित किया जाता था। महीने भर पहले मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने उसे बंधक बनाकर पीटा व घर से निकाल दिया।
मायके पहुंची विवाहिता ने आपबीती सुनाई तो परिजन सन्न रह गए। बिरादरी की पंचायत हुई, लेकिन ससुराल पक्ष के लोग अपनी मांग को लेकर अडिग रहे। इस पर पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने पति लवलेश समेत सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है।