फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धनतेरस पर बाजार गुलजार, 20 करोड़ का कारोबार

विज्ञापन
अजुहा की बाजार में लगी बर्तन की दुकान में खरीदारी करते ग्राहक - फोटो : KAUSHAMBI
विज्ञापन
महंगाई और मंदी की बात धनतेरस पर बेमतलब साबित हो गई। खरीदारी के लिए इस कदर भीड़ उमड़ी कि देखते ही देखते बाजार लुट गया। बाइक, सराफा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर खरीदारी के लिए मारामारी होती रही। रिकार्डतोड़ बिक्री से व्यापारी भी गदगद नजर आए।
विज्ञापन

कोरोना में दो वर्षों में हुए नुकसान की एक झटके में भरपाई हो गई। जिले में बीस करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ। महंगाई के शोर के बीच धनतेरस पर जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। एक अनुमान के मुताबिक, 20 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। सराफा, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स आइटमों की खूब बिक्री हुई। वहीं, ऑटोमोबाइल्स शोरूम में भी दोपहिया और चार पहिया वाहनों की बुकिंग कराने के लिए कतार लगी रही।
त्योहार के कारण बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। जिला मुख्यालय मंझनपुर, भरवारी, सरायअकिल, सिराथू, अजुहा, करारी समेत सभी प्रमुख नगरों में बर्तन का बाजार सुबह से ही तैयार था। व्यापारियों ने काफी तैयारियां की हुई थीं। दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया था।
विज्ञापन

सुबह से ही बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ने लगी थी। लोगों ने अपनी हैसियत के हिसाब से बर्तन खरीदे। जीएसटी और मंदी के शिकार फर्नीचर बाजार में भी रौनक लौट आई। सोफा सेट, डबल बेड, कुर्सी-मेज और डाइनिंग टेबल खरीदी गई। लक्ष्मी गणेश की प्रतिमा, लाई, चिउरा, गट्टा, खील आदि की दुकानों पर भीड़ डटी रही। लोगों ने दीपावली के लिए मिठाई और पटाखों की खरीदारी की। बाजार में हर तरफ भीड़ ही भीड़ दिखी।
इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों की जमकर हुई बिक्री
जगदंबा इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक राजीव केसरवानी ने बताया कि खरीदारी में करीब 20 फीसद की बढ़ोतरी हुई। कोरोना की मंदी के बाद पहली बार बाजार में रौनक दिखी। मोना इलेक्ट्रानिक्स के संचालक आनंद केसरवानी ने बताया कि एलईडी, फ्रिज, माइक्रोवेव वाशिंग मशीन, फूड प्रोसेसर की मांग अधिक रही।
सोना-चांदी खरीदकर निभाई परंपरा
धनतेरस पर सराफा बाजार में भी बहार रही। लोगों ने सोने और चांदी के सिक्के खरीदकर परंपरा निभाई। वहीं, पहले से ही एडवांस बुकिंग करवाने वालों ने ज्वैलरी खरीदी। गहने व सिक्कों के अलावा चांदी के लक्ष्मी-गणेश, चरण पादुका, चांदी के नोट व सिक्कों की खरीदारी की गई। सराफा व्यापारी पंकज उर्फ बबलू केसरवानी, पन्नालाल वर्मा, मनोज सोनी आदि ने बताया कि जिन परिवारों में शादी-विवाह होने हैं, उन लोगों ने गहनों की बुकिंग कराई।
पांच सौ से अधिक दो पहिया वाहनों की बुकिंग
धनतेरस पर ऑटोमोबाइल्स सेक्टर में भी जमकर धन वर्षा हुई। होंडा, हीरो, टीवीएस, बुलेट, बजाज आदि कंपनियों के शोरूमों में लगभग 500 दोपहिया वाहनों की बुकिंग हुई। हालांकि, शनिवार होने के कारण ज्यादातर लोगों ने सिर्फ बुकिंग कराई। वाहनों की डिलीवरी रविवार और सोमवार को लेंगे। सभी कंपनियों के तकरीबन 50 चार पहिया वाहनों की भी बिक्री हुई।
कुछ लोगों ने डिलीवरी दिवाली पर लेने का निर्णय लिया। अलग-अलग एजेंसियों में तकरीबन 50 ट्रैक्टरों की भी बुकिंग हुई। अधिकतर लोग डिलीवरी रविवार को लेंगे। इस बार बैटरी से चलने वाली स्कूटी की भी काफी डिमांड रही। इसके अलावा मोबाइल, लैपटॉप आदि भी खरीदे गए।
क्रॉकरी सेट और तांबे के बर्तन की रही डिमांड
बर्तन बाजार में सुबह से देर रात तक ग्राहकों की भीड़ रही। इस बार लोगों ने क्राकरी सेट ज्यादा पसंद किया। कुछ लोगों ने तांबे के थर्मस, जग एवं गिलास भी खरीदा। बर्तन व्यापारी राजेश कसेरा ने बताया कि स्टील के बर्तनों के साथ ही लोगों ने इंडक्शन चूल्हा और इलेक्ट्रिक केतली खरीदी। व्यापारी दिनेश कसेरा ने बताया कि दो साल बाद बाजार में रौनक दिखी। लोगों ने खुलकर खरीदारी की।
विज्ञापन

कहा कितने का कारोबार
दोपहिया वाहन 05 करोड़
चारपहिया वाहन 05 करोड़
ज्वैलरी 05 करोड़
बर्तन 03 करोड़
इलेक्ट्रॉनिक्स 02 करोड़
कुल 20 करोड़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें