लोकसभा चुनाव में पैसों से वोट की खरीद-फरोख्त नहीं हो, इसे लेकर प्रशासन की टीमें चौकन्ना हो गई हैं। मंगलवार को महेवाघाट स्थित यमुना पुल के पास चेकिंग के दौरान एक कार सवार पकड़ा गया। कार से दो लाख रुपये बरामद किए गए हैं। कार सवार बरामद रुपयों के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस पर नकदी को सील मुहर कर महेवाघाट कोतवाली के मालखाने में जमा करा दी गई है।
मजिस्ट्रेट एफएसटी-1 डॉ. तारिक अग्रवाल मंगलवार को महेवाघाट स्थित यमुना पुल के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान चित्रकूट की तरफ से आती हुई कार दिखी। टीम ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें रखा दो लाख रुपये बरामद हुए। कार सवार बांदा जिले के अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के नगनेधी निवासी मनोज कुमार संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
मनोज ने बताया कि वह मंझनपुर में एक भूमि की रजिस्ट्री कराने जा रहा था। बरामद रुपये महेवाघाट कोतवाली के मालखाने में रखवा दिए गए हैं। मजिस्ट्रेट का कहना है कि मनोज का जवाब संतोषजनक नहीं था। मामले की जांच कराई जा रही है।