सिराथू। भूमि विवाद के मामलों के निस्तारण में तेजी लाने के लिए प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। लेखपाल अब तैनाती वाले गांवों में पंचायत सचिव के साथ समन्वय बनाकर घर-घर सर्वे कर भूमि विवाद की जानकारी जुटाएंगे। साथ ही रजिस्टर में दर्ज कर अफसरों को अवगत कराएंगे।
संदीपन घाट कोतवाली के मोहिद्दीनपुर गौस गांव के पंडा चौराहे पर पिछले माह हुए तिहरे हत्याकांड से सबक सीखते हुए प्रशासन ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निस्तारण के लिए कवायद शुरू कर दी है। एसडीएम सिराथू सौम्य मिश्रा ने लेखपालों को पंचायत सचिवों के साथ समन्वय बनाकर अपने तैनाती वाले गांवों में घर-घर जानकर सर्वे कर भूमि विवाद की पड़ताल करने का निर्देश दिया है।
इस दौरान चिह्नित भूमि विवाद को राजस्व ग्राम स्तर पर रजिस्टर बनाकर अंकित करने का फरमान जारी किया गया है। साथ ही उपलब्ध जानकारी से अवगत कराने का भी आदेश दिया है। बताते चलें कि हाल ही में जनपद के दौरे पर आए सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में भूमि विवाद के चलते होने वाली घटनाओं एवं बढ़ती शिकायतों को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिये थे।
डीएम के निर्देश पर लेखपालों को तैनाती क्षेत्र के गांवों में भूमि विवाद की जानकारी जुटाकर निर्धारित प्रारूप पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। इसमें लापरवाही की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-सौम्य मिश्रा, एसडीएम, सिराथू