पिपरी कोतवाली के दुर्गापुर गांव के मजरा गिठूंरा निवासी एक श्रमिक की गुजरात के सूरत में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। गिठूंरा गांव निवासी शिवबोध (50) पुत्र ननकू लाल गुजरात के सूरत स्थित सीमाकल इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में मजदूरी करते थे। परिजनों के अनुसार रेलवे लाइन पर बिजली के खंभे लगाने और तार बिछाने का कार्य चल रहा था। शनिवार को शिवबोध काम के दौरान अचानक ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद साथ काम कर रहे मजदूरों ने कंपनी अधिकारियों और परिजनों को इसकी सूचना दी। इस घटना के कारण पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सूचना मिलते ही परिजन गांव के अन्य लोगों के साथ शव लाने के लिए सूरत रवाना हो गए हैं। मृतक अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, पांच बेटियां और दो बेटे हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।