कोखराज कोतवाली के बिसारा गांव में शनिवार को एक बेकाबू ट्रैक्टर ने किशोर व मासूम को कुचलते हुए दो बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे में किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर परिजनों ने जमकर हंगामा किया लेकिन, सीओ सिराथू तथा नायब तहसीलदार के आश्वासन पर शांत हुए।
बिसारा निवासी छोटेलाल रैदास की बेटी की शादी शुक्रवार को थी। इसमें करारी कोतवाली के गुवारा निवासी उसके भांजे नीरज (13) पुत्र प्रेम चंद्र व परसरा निवासी मयंक (3) पुत्र दिलीप भी शामिल हुए थे। शनिवार को बेटी की विदाई के बाद दोनों बच्चे दरवाजे पर खेल रहे थे। इसी बीच टेंट का सामान लादे मजदूर ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर दिया।
मजदूर जब तक कुछ समझ पाता, ट्रैक्टर ने अनियंत्रित होकर दोनों बच्चों को कुचलते हुए आगे खड़ी दो बाइकों को क्षतिग्रस्त कर दिया। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर की ड्राइविंग सीट पर बैठा मजदूर गाड़ी छोड़कर भाग निकला। चीखपुकार सुन लोग इकट्ठा हुए तो देखा कि नीरज की सांसें थम चुकी थी। घायल मयंक को आनन फानन में नजदीकी स्वास्थ्य अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना से नाराज परिजन हंगामा करने लगे। लोग ट्रैक्टर को आग के हवाले करने पर आमादा थे। इसी बीच सूचना पाकर सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा, नायब तहसीलदार अंकिता पाठक पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गई। सीओ के समझाने बुझाने पर किसी तरह मामला शांत हुआ तो पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मातम में बदली शादी की खुशियां
भरवारी। छोटेलाल के घर बेटी की शादी के कारण हंसी-खुशी का माहौल था। बेटी की विदाई के दिन करीबी रिश्तेदार भी अपने-अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच बेकाबू ट्रैक्टर ने छोटेलाल के दो भांजों को कुचल दिया। पलक झपकते ही शादी की खुशियां काफूर हो गईं और पूरे घर में कोहराम मच गया। घटना के बाद से नीरज की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।