13 अप्रैल से खत्म हो जाएगा खरमास, बजेगी शहनाई
- मई और जून में फिर शहनाई पर लग जाएगा विराम
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। एक माह से चल रहा खरमास 13 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा। खरमास समाप्ति के बाद मांगलिक कार्यों के लिए शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। ज्योतिषाचार्य डॉ. रामसियासन शास्त्री ने बताया कि पंचांग के अनुसार 13 अप्रैल की रात 11.19 बजे सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेंगे। इसी के साथ एक मास से चल रहा खरमास समाप्त हो जाएगा। इसके बाद विवाह के लिए शुभ मुहूर्त 18, 19, 20, 21, 22, 23, 26 व 28 अप्रैल मिलेंगे। विवाह के लिए गुरु और शुक्र का उदय होना अनिवार्य होता है। अप्रैल में 29 तारीख को शुक्र व छह मई को गुरु अस्त हो जाएंगे। इस तरह शुक्र व गुरु के अस्त होने के कारण पुनः मांगलिक कार्यों पर विराम लग जाएगा। ऐसी स्थिति में मई व जून में लग्न मुहूर्त नहीं मिलेंगे। तीन जून को गुरु व 28 जून को शुक्र उदय होंगे। इसके बाद जुलाई में ही विवाह मुहूर्त मिलेंगे।