पश्चिम शरीरा। नगर पंचायत पूरब-पश्चिम शरीरा की ओर से नगर में 3.25 करोड़ रुपये की लागत से गेस्ट हाउस बनाया जाएगा। इससे नगर के लोगों को शादी समारोह समेत अन्य कार्यक्रमों के लिए कम खर्च में सहूलियतों से भरा गेस्ट हाउस मिलेगा।
शासन की मंशा है कि नव गठित नगर पंचायतों में तेजी से विकास हो। यहां पर हर वह सुविधा लोगों को मिले, जिससे उन्हें सहूलियत मिले। नव गठित नगर पंचायतों में गेस्ट हाउस का निर्माण भी इसी क्रम में कराया जा रहा है। दोआबा की नई नगर पंचायत पूरब पश्चिम शरीरा को भी इसका लाभ मिला है। शासन के निर्देश पर 3.25 करोड़ से पश्चिम शरीरा में गेस्ट हाउस के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया था। दिसंबर से इसे मंजूरी मिली। स्वीकृति के साथ ही 1.60 करोड़ का बजट भी जारी कर दिया गया।
शासन स्तर से ही गेस्ट हाउस के निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को दी गई है। इस गेस्ट हाउस के बनने से स्थानीय लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। शादी समारोह समेत अन्य आयोजनों के लिए महंगे मैरिज लॉन या होटल में जेब नहीं ढीली करनी पड़ेगी। कम खर्च में ही उन्हें सभी सुविधाएं नगर पंचायत के गेस्ट हाउस में मिल जाएंगी।
3.25 करोड़ के गेस्ट हाउस के लिए शासन से 1.60 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। भूमि चिन्हित कर ली गई है। इसके नगर पंचायत के गेस्ट हाउस के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
सुनील सिंह
ईओ, नगर पंचायत पूरब-पश्चिम शरीरा