24 घंटे में मूरतगंज चौकी प्रभारी का बदल गया कार्यक्षेत्र
- रविवार को एसपी ने संदीपन घाट थानाध्यक्ष के पद से हटाकर बनाया चौकी इंचार्ज
- सोमवार को चौकी प्रभारी बनाए गए अभिषेक गुप्ता को भेजा गया अजुहा
संवाद न्यूज एजेंसी
मंझनपुर। संदीपन घाट में थानाध्यक्ष रहे अभिषेक गुप्ता का महज 24 घंटे में दोबारा तबादला हो गया। अब उन्हें मूरतगंज से हटाकर अजुहा का चौकी प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा चार अन्य उपनिरीक्षकों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया गया है।
रविवार को एसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संदीपन घाट में थानाध्यक्ष रहे अभिषेक गुप्ता को मूरतगंज पुलिस चौकी प्रभारी बनाया था। मूरतगंज में रहे राकेश राय को संदीपन घाट कोतवाली का थानाध्यक्ष बनाया गया। सोमवार को अभिषेक गुप्ता का फिर से तबादला कर दिया गया। अब उन्हेंं सैनी कोतवाली की अजुहा पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया है। अजुहा में प्रभारी रहे गौरव त्रिवेदी का तबादला मूरतगंज पुलिस चौकी किया गया है।
इसके अलावा कोखराज थाने में रहे एसआई सूर्यबली पांडेय को बेनीराम कटरा पुलिस चौकी का प्रभारी बनाया गया। मंझनपुर कोतवाली के सिविल लाइंस पुलिस चौकी के प्रभारी रहे आदित्य कुमार काे चौकी प्रभारी उदहिन बाजार बनाया गया। उदहिन बाजार में चौकी प्रभारी राम सजीवन साहू को महिला शिकायत प्रकोष्ठ में नई तैनाती दी गई है।