जंगल में फंदे से लटका मिला युवक का शव
कोखराज कोतवाली के टेंगाई गांव स्थित जंगल में मिली लाश, नहीं हो सकी शिनाख्त
फोटो नं-17
संवाद न्यूज एजेंसी
कल्यानपुर। कोखराज कोतवाली के टेंगाई गांव के जंगल में सोमवार सुबह एक युवक का शव फांसी पर लटका मिला। मवेशी चराने गए लोगों ने शव देखा तो पुलिस को खबर दी। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
मवेशी चराने गए ग्रामीणों ने आम के पेड़ से सूत की रस्सी के फंदे से लटके युवक के शव को देखा तो पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर सीओ सिराथू डॉ. केजी सिंह और इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। मृतक नीले रंग का लोअर और लाल रंग की टी-शर्ट पहने था। उसने हाथ में लोहे का चुल्ला पहन रखा था। मृतक की उम्र तकरीबन 22 साल थी। जिस रस्सी से फांसी लगाई गई वह नई थी। इंस्पेक्टर का कहना है प्रथमदृष्टया खुदकुशी का मामला लग रहा है।
युवक ने खाया जहर, गंभीर
कड़ा। स्थानीय कोतवाली के देवीगंज बाजार के समीप सोमवार सुबह एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को इलाज के लिए एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। युवक की पहचान गड़रियन का पुरवा निवासी छोटेलाल के बेटे राहुल के रूप में हुई। चिकित्सकों ने बताया कि राहुल ने जहरीला पदार्थ निगला है। उसने गंगा प्रसाद साहू इंटर कॉलेज के पास जाकर जहर खाया या किसी ने उसे खिलाया, इसकी जानकारी नहीं हो सकी। संवाद