कोतवाली पुलिस ने बुधवार भोर चोरों का अंतर जनपदीय गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। गिरोह के छह सदस्यों को पकड़कर दस लाख रुपये कीमत के 11 क्विंटल बिजली के तार बरामद किए गए हैं। लिखापढ़ी कर पांच आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जबकि चोरी में शामिल छठवां चोर किशोर है। उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है।
इंस्पेक्टर विनीत कुमार सिंह ने बताया कि बुधवार भोर पुलिस फोर्स के साथ वह क्षेत्र भ्रमण पर थे। इसी दौरान पिंडरा चौराहे पर उन्हें सीएस इंफस कांस्ट्रक्शन के डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर व सराय स्टोर के प्रबंधक मिले। उन्होंने बताया कि बारा ब्लॉक से कंपनी का 22 बंडल वायर (बिजली के तार) चोरी हो गए हैं। जिन्हें वह तलाश कर रहे हैं। इस पर पुलिस ने चोरी गए सामग्री की तलाश शुरू की।
इस दौरान नेवारी पुल के पास पहुंचे तो दो लोडर वाहन संदिग्ध दशा में दिखाई दिए। पुलिस ने ओवरटेक कर वाहनों को रोका और तलाशी ली। वाहनोंं के अंदर भारी मात्रा में चोरी गए बिजली के तार बरामद किए गए। कंपनी के अधिकारियों को बुलाकर तार की पहचान कराई गई। पकड़े गए चोरों की पहचान वीरेंद्र सिंह कुशवाहा निवासी आदिलाबाद थाना मोहम्मदाबाद जनपद गाजीपुर, राजेश मौर्या निवासी मुस्तफाबाद जनपद कौशाम्बी, मनोज साहू निवासी राधानगर जनपद फतेहपुर, धर्मेंद्र कुमार उर्फ पिंटू, सूरज अग्रहरि निवासी मुस्तफाबाद कौशाम्बी के रूप में हुई है। चोरी में एक किशोर भी शामिल था। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ लिखापढ़ी कर चालान न्यायालय भेज दिया। जबकि, किशोर को बाल सुधार गृह भेज गया।