कोखराज कोतवाली के परसरा स्थित रिसाॅर्ट के पास रविवार रात भाजपा का झंडा लगी तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरी ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार एक मासूम की मौत हो गई। जबकि, महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्रयागराज रेफर कर दिया।
रक्षाबंधन के मौके पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने परसरा स्थित रिसाॅर्ट में एक समारोह का आयोजन किया था। इसमें क्षेत्र से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 10 बजे पुरानी बाजार भरवारी कस्बे की अल्का (34) पत्नी प्रदीप कुमार अपने बेटे अंश (10), आयुष उर्फ शिवांश (05), कल्पना (40) पत्नी संतोष कुमार अपनी बेटी एंजल (14), बेटे लक्ष्य (10), सुमन देवी (32) पत्नी गुड्डू अपने बेटे शुभ (08) के साथ ऑटो से वापस घर जा रही थी। ऑटो बरक्कतपुर निवासी मदन पासी चला रहा था। बताया जा रहा है कि रिसाॅर्ट से बाहर मुख्य मार्ग पर पहुंचते ही प्रयागराज की ओर से भाजपा का झंडा लगी एक तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरी ऑटो में टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर लगते ही ऑटाे पलट गया। हादसे के बाद मची चीखपुकार सुन कार्यक्रम में मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। आननफानन सभी घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखते ही डॉक्टरों ने आयुष को मृतक घोषित कर दिया। वहीं, प्राथमिक उपचार के बाद ड्राइवर के अलावा बाकी सभी को एसआरएन रेफर कर दिया गया। परिजन प्रयागराज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराकर सभी का इलाज करा रहे हैं। हादसे के बाद से पीड़ित परिवार का रो-रोकर हालत खराब है। कोखराज इंस्पेक्टर इंद्रदेव ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता की तहरीर पर कार नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।
वन-वे होने के कारण हुआ हादसा
इन दिनों राम वनगमन पथ का निर्माण चल रहा है। इस कारण परसरा के पास सड़क को वन वे किया गया है। बताया जा रहा है कि रिसॉर्ट से निकलते ही सामने से उसी लेन पर कार आ गई। रफ्तार अधिक होने के कारण चालक कार को नियंत्रित नहीं कर सका और हादसा हो गया।