मृतक प्रमोद कुमार पाल की फाइल फोटो
सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनवार के मजरा जोरावरपुर गांव निवासी एक ट्रक चालक की दस दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सैनी कोतवाली क्षेत्र के कनवार का मजरा जोरावरपुर निवासी प्रमोद पाल (22) पुत्र रामशरन ट्रक चालक था। वह ट्रक चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार के चचेरे भाई हेमराज पाल ने बताया कि नौ अक्तूबर की शाम प्रमोद पाल ट्रक लेकर फतेहपुर के हथगांव से लौट रहा था। जैसे ही वह खागा कोतवाली के महिचा मंदिर के पास पहुंचा, तभी दूसरे ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में प्रमोद गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की मदद से फतेहपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार की भोर में प्रमोद पाल की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर पर घर-परिवार में चीख-पुकार मच गई। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर सोमवार को ही कड़ा के हनुमान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया।