कोखराज थाना क्षेत्र के शहजादपुर पुल के पास तेज रफ्तार बुलेट की टक्कर से घायल बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल है। उनका प्रयागराज स्थित स्वरूपरानी नेहरू मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के महुआतर गोतनी निवासी कमलेश चंद्र के मुताबिक 17 अक्तूबर को उनके पिता गुलाब चंद्र (51) और बहन किरन (30) बाइक से कौशाम्बी के जनजिराबाद से घर लौट रहे थे। दोपहर करीब 3:30 बजे शहजादपुर पुल के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बुलेट ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी कुंडा से प्रयागराज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान गुलाब चंद्र की मौत हो गई। कोखराज थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि कमलेश चंद्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। चालक की तलाश की जा रही है।