देवीगंज बाजार में पटाखा व्यापारी के यंहा छापेमारी करती पुलिस। संवाद
पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के तीसरे दिन मंगलवार को पुलिस-प्रशासन ने अलग-अलग कस्बों में छापा मारा। भरवारी में पटाखा फैक्टरी मालिक के एक मकान समेत दो जगह पटाखों का अवैध भंडारण मिला। कड़ाधाम में बिना लाइसेंस पटाखा बनाने की बात सामने आई। इन पर एफआईआर की तैयारी है। सुरक्षा के मानक पूरे न होने पर एक आतिशबाज का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई है।
एसडीएम सिराथू महेश कुमार श्रीवास्तव और सीओ सिराथू अवधेश विश्वकर्मा ने खल्लाबाद स्थित एक गोदाम में छापा मारा। यहां बड़ी संख्या में पटाखा डंप मिला। पटाखा गोदाम सील कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह गोदाम भी पटाखा फैक्टरी के मालिक का ही है। इसके अलावा पुलिस चौकी के पास संचालित एक पटाखे की दुकान में छापा मारा। दुकानदार के न होने के कारण पुलिस ने ताला तोड़कर जांच की। दुकान में भारी मात्रा में पटाखा बरामद किए गए, जिसे पुलिस ने सीज कर दिया।
वहीं कड़ाधाम थानाध्यक्ष ने देवीगंज स्थित एक पटाखा की दुकान में छापा मारा। दुकानदार को सिर्फ पटाखा बिक्री का लाइसेंस मिला था। बिक्री के साथ ही वह पटाखे बना भी रहा था। पुलिस इन तीनों मामलों में एफआईआर लिखाने की तैयारी में है। इसके अलावा सैनी कोतवाली क्षेत्र के सैनी में एक पटाखा व्यवसायी गफ्फार की दुकान में छापा मारा गया। यहां पर लाइसेंस के मुताबिक भंडारण मिला, लेकिन सुरक्षा के प्रबंध पर्याप्त नहीं थे। इसलिए अफसरों ने इसका लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति प्रशासन से की है।
जिसके नाम जमीन, उसके खिलाफ होगा केस
सीओ अवधेश विश्वकर्मा ने बताया कि पटाखा फैक्टरी के मालिकानों के जिस भवन में अवैध रूप से आतिशबाजी का सामान डंप मिला है, उस भूमि के मालिक का पता लगाया जा रहा है। पटाखा भंडारा का कोई लाइसेंस नहीं था। जिसके नाम जमीन होगी, उसके खिलाफ केस दर्ज कराया जाएगा।
भरवारी में दो जगह पटाखों का अवैध भंडारण मिला है। इसका कोई लाइसेंस नहीं था। देवीगंज में एक जगह बिना लाइसेंस पटाखा बनाए जा रहे थे। इनके खिलाफ एफआईआर होगी। वहीं सुरक्षा मानक पूरे न मिलने पर एक पटाखा विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा।
अवधेश विश्वकर्मा,
सीओ, सिराथू
देवीगंज बाजार में पटाखा व्यापारी के यंहा छापेमारी करती पुलिस। संवाद