Illegal mining of soil being done in Poramufti area
- फोटो : KAUSHAMBI
पूरामुफ्ती इलाके में हो रहा मिट्टी का अवैध खनन
च़ायल। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट गांव में कुछ दबंग पखवाड़े भर से ग्रामसभा की जमीन पर दिनरात मिट्टी का अवैध खनन कर बेंच रहे हैं। फतेहपुर घाट का राजस्व प्रयागराज जनपद की सदर तहसील है। लेकिन थाना पूरामुफ्ती लगता है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रधान और अधिकारियों की अनदेखी के कारण रोज भारी मात्रा में मिट्टी बगैर अनुमति के खोदकर बेची जा रही है। असलहाधारी खनन माफिया बंदूक के दम पर मिट्टी का अवैध खनन करवा रहे हैं। कहीं शिकायत करने पर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी भी देते हैं। बताया जाता है कि कारोबारी प्रति ट्रैक्टर ट्राली 250 से 350 रुपये में मिट्टी बेच रहे हैं। मामले में हल्का लेखपाल फूलचंद्र ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के बाद एसडीएम सदर को रिपोर्ट भेज दी गई है। वहीं एसडीएम सदर अजय कुमार राय का कहना है कि ग्रामसभा की जमीन से मिट्टी की अवैध खुदाई करने वालों व ढुलाई कर रहे ट्रैक्टर और जेसीबी चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। टीम गठित कर जल्द ही मौके पर भेज कर निरीक्षण करवाया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी