जिस स्थान पर इंसानियत की सबसे ज्यादा जरूरत है, वहां भी संवेदनहीनता की स्थिति है। पोस्टमार्टम हाउस के कर्मियों ने लाश सिलने के लिए मृतक के परिजनों से एक हजार रुपये मांगे। पांच सौ रुपये देने पर नहीं माने। पूरे पैसे देने पर पीड़ितों को लाश दी गई। रिश्वत लेने का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया में वायरल हुआ है।
संदीपनघाट कोतवाली के काजीपुर निवासी महादेव को उसके शराबी छोटे भाई भगौती ने रविवार शाम सिर पर डंडा मार कर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने महादेव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार दोपहर शव का पोस्टमार्टम किया गया।
महादेव के चचेरे भाई संजय का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद जब कर्मी शव को पैक (सिलने) लगे तो एक हजार रुपये रिश्वत की मांग की। उन्होंने अपनी मजबूरी बताते हुए 500 रुपये दिए। फिर वे नहीं माने। लोगों से पैसे लेकर उन्होंने एक हजार पूरे किए। इसके बाद ही शव को सिलकर पैक किया। फिर रोते-बिलखते परिजन लेकर अंतिम संस्कार के लिए निकले।
खास यह कि पोस्टमार्टम हाउस की यह रिश्वतखोरी चलन में है, जिस पर कोई लगाम नहीं। जबकि मामला सबके संज्ञान में रहता है। मंगलवार को जब यह वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है तो विभाग मामले की जांच-पड़ताल को कह रहा है।
वायरल वीडियो का प्रकरण संज्ञान में आया है। मामले की जांच कराई जाएगी। प्रकरण में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- डॉ. सुष्पेंद्र कुमार, सीएमओ