एयरपोर्ट कोतवाली के भगवतपुर गांव स्थित सड़क किनारे मिला शव आजमगढ़ के ऋतिक रोशन का था। वह प्रयागराज अपने किसी दोस्त से मिलने के लिए 17 मार्च को सुबह घर से निकला था। इसी बीच उसकी चाकू से गोद कर हत्या कर दी गई। मृतक के बड़े भाई ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव उन्हे सौंप दिया है।
आजमगढ़ के जहाना कोतवाली अंतर्गत अफजलपुर गांव निवासी ऋतिक रोशन (26) पुत्र विनोद सिंह प्राइवेट नौकरी करता था। बड़े भाई संदीप ने बताया कि वह 17 मार्च की सुबह प्रयागराज अपने किसी दोस्त से मिल कर शाम तक घर लौटने की बात कहकर निकला था। इस बीच वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसका मोबाइल भी स्वीच ऑफ बताने लगा।
देर शाम तक घर नहीं आने पर अनहोनी की आशंका होने पर उसकी खोज बीन शुरू की गई। पता नहीं चलने पर उन्होने स्थानीय पुलिस को तहरीर दी। खोजबीन के दौरान ही अखबारों में प्रकाशित खबर के माध्यम से उन्हें एयरपोर्ट क्षेत्र के भगवतपुर चौराहे पर सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिलने की जानकारी हुई।
पिता समेत परिजन रोते बिलखते प्रयगराज पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। संदीप ने शव की पहचान अपने छोटे भाई ऋतिक रोशन के रूप में की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। एयरपोर्ट कोतवाली के इंस्पेक्टर अरुण कुमार सिंह का कहना है कि संदीप की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।