सरायअकिल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव में शनिवार शाम जर्जर बिजली का हाइटेंशन तार टूटकर गिर जाने से घर के बाहर बंधे तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित ने हादसे की जानकारी राजस्व और पशुपालन विभाग को दी है। पुरखास गांव निवासी पशुपालक मैकू पाल ने बताया कि उनके मवेशी घर के सामने बंधे थे। इसी दौरान शाम को अचानक ऊपर से गुजरा 11 हजार हाइटेंशन बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट की चपेट में आने से एक भैंस और दो गायों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। गांव के लोगों ने पुरखास उपकेंद्र फोन करके जानकारी दी और बिजली आपूर्ति बंद करवाई। हादसे से पशुपालक को करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है।सूचना के बाद पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने तथा जर्जर बिजली लाइनों की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
-