मंझनपुर/सिराथू। ममता को शर्मसार करने वाली एक घटना सोमवार को सैनी इलाके में हुई। जहां जन्म के कुछ देर बाद महिला ने बच्चे का त्याग कर दिया। नवजात को गंदे कपड़े में लपेटकर रामपुर धमावां गांव के पास नदी किनारे फेंक दिया। शव को जंगली कुत्ते नोंच रहे थे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सोमवार की सुबह रामपुर धमावां गांव स्थित ससुर खदेरी नदी किनारे एक शिशु का शव पड़ा था। लाश झाड़ियों के पास थी और उसके शरीर पर चींटियां चल रही थीं। जंगली कुत्तों ने भी शव को नोंचने का प्रयास किया। इस बीच नित्य क्रिया के लिए नदी किनारे पहुंचे गांव के ही कमलेश ने नवजात का शव देखा तो वह हैवान मां को कोसने लगा। कमलेश ने इसकी जानकारी पास में ही चायपान की दुकान चला रहे छेदीलाल को दी।
इस पर छेदीलाल ने गांव के चौकीदार अजय कुमार के साथ ही डायल 100 को घटना की जानकारी दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। चौकीदार ने बताया कि नवजात बेटा था और कुछ घंटे पहले का ही जन्मा लग रहा था। उसके शरीर पर कुत्तों के नोंचने का जख्म दिख रहा था। पुलिस ने चौकीदार की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया। इस बाबत थानाध्यक्ष भुवनेश चौबे का कहना है केस दर्ज कर लिया गया है।