मंझनपुर मुख्यालय के कोर्रों रोड में संचालित गुरुकुल एकेडमी को डीएआईओएस कार्यालय की टीम ने सील कर दिया। कोचिंग में सुरक्षा के उपाय नहीं किए गए थे। संचालक को नोटिस देकर तीन दिनों में जवाब मांगा गया है।
जिले में बिना पंजीकरण व मानक विहीन तरीके से कोचिंग का संचालन हो रहा है। इसपर रोक लगाने के लिए डीआईओएस ने जीआईसी देवखरपुर व केसारी के प्रधानाचार्यों की टीम बनाई है। टीम ने बृहस्पतिवार को कोर्रो रोड स्थित गुरुकुल एकेडमी में छापा मारा।
टीम में शामिल देवखरपुर जीआईसी प्रधानाचार्य ने बताया कि कोचिंग का संचालन बिना पंजीकरण के हो रहा था। भूतल में संचालित कोचिंग में नीचे उतरने के लिए एक लोहे की सीढ़ी मात्र है। यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं है।
अग्निशमन यंत्र, पेयजल, शौचालय आदि की सुविधा यहां नहीं मिली। कोचिंग संचालक को नोटिस देकर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। साथ ही कोचिंग को सील कर दिया गया है।