पिपरी इलाके के एक गांव में छेड़खानी का विरोध करने पर छात्रा को तेजाब से जलाने की धमकी दी गई। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने उसके घर में दबिश दी तो वह गिरफ्त में नहीं आया।
पुलिस को छात्रा के पिता ने बताया कि उसकी 15 वर्षीय बेटी कक्षा नौ की छात्रा है। स्कूल जाने और लौटने के दौरान पड़ोस में रहने वाला एक युवक उसके साथ हर दिन छेड़खानी करता था।
आरोप है कि सोमवार सुबह साइकिल से स्कूल जा रही छात्रा को युवक ने रास्ते में रोका और छेड़ने लगा। किसी तरह छात्रा ने खुद को छुड़ाया और शोर मचाने लगी।
छात्रा ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने उसके शरीर पर तेजाब डाल कर जलाने की धमकी भी दी। बदहवास छात्रा किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।
बेटी की आपबीती सुनकर घर वाले परेशान हो गए। पिता ने हिम्मत दिखाई और भुक्तभोगी बेटी को साथ लेकर पिपरी थाने पहुंचे। वहां थानेदार को घटना के बारे में बिंदुवार जानकारी के साथ तहरीर दी।
थानाध्यक्ष बलराम सिंह ने बताया कि शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेजा जाएगा।