डीजे पर डांस को लेकर घरातियों-बरातियों में खूनी संघर्ष, आगजनी
- करारी कोतवाली के ताजपुर चकिया गांव में रविवार की रात हुई घटना, 13 जख्मी
- पुलिस की मौजूदगी में विवाह की रश्में की गईं पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
करारी। ताज़पुर चकिया गांव में रविवार की रात आई बरात में डीजे पर डांस को लेकर घराती-बाराती भिड़ गए। इसके बाद घरातियों-बरातियों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर जमकर पीटा। कई बाइक के साथ लोडर गाड़ी में तोड़फोड़ व आग लगाकर क्षति ग्रस्त कर दिया। मारपीट में 13 लोग लहुलूहान हुए हैं। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
क्षेत्र के ताज़पुर चकिया गांव के सुग्गा की बेटी की शोभा की शादी मोहब्बतपुर पैंसा गांव के मंझा के बेटे राजेश के साथ पक्की हुई थी। रविवार की रात राजेश बरात लेकर ताजपुर चकिया गांव पहुंचा। द्वारचार के दौरान डीजे पर डांस को लेकर दोनों पक्ष में वाद-विवाद हो गया। गाली गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को दौड़ा-दौड़ा कर पीटना शुरू किया। मारपीट में कन्या पक्ष की ओर से सुरेश, सोना देवी, हंसराज, नत्थू, अर्जुन, सुमेरा देवी, शिवा, रिशु आदि लोग घायल हो गए। जबकि वर पक्ष से दूल्हे के बड़ा भाई उमेश, चचेरा भाई रामदास, भतीजा अमरेश व रिश्तेदार अमरेश को भी काफी चोट आई। एक लोडर गाड़ी में लदे डीजे में को क्षतिग्रस्त कर आग लगा दिया गया। कई बाइक तोड़ दी गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद दोनों पक्ष को समझा बुझाकर शादी की बाकी रस्में पूरी कराकर दुल्हन की विदाई कराई गई।
तिलक में फोटो खींचने के दौरान भी हुआ था विवाद
ताजपुर चकिया गांव के सुग्गा की बेटी का तिलक लेकर सप्ताह भर पहले गांव के लोग व रिश्तेदार घटमापुर राजेश के यहां गए थे। बताते हैं कि तिलक में लड़की पक्ष के एक युवक ने लड़के पक्ष की एक लड़की का फोटो खींच लिया। इस पर कुछ लोगों ने आपत्ति जाहिर की थी। बात विवाद होने पर कुछ लोगों ने मामले को समझा बुझाकर शांत करा दिया। इस बात का गुस्सा लड़की पक्ष के युवकों में भरा था। बरात में डांस के विवाद को बहाना बनाकर मारपीट की गई।
सिर्फ लोडर गाड़ी मालिक ने दी तहरीर केस दर्ज
ताजपुर चकिया गांव में घराती बाराती के बीच रविवार रात मारपीट मामले में सिर्फ लोडर गाड़ी के चालक राजकुमार निवासी थांबा की तरफ से तहरीर दी गई। राजकुमार ने हीरालाल लोधी व कुछ अज्ञात पर आरोप लगाया कि उन्होंने उसके साथ मारपीट की व लोडर को तोड़ डाला। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
करारी के साजपुर गांव में साउंड लदी पिकप में आग लगने के बाद क्षतिग्रस्त सामान