शक्तिपीठ शीतलाधाम मंदिर प्रबंध समिति के चुनाव में शिकस्त से बौखलाए एक प्रत्याशी ने समर्थकों संग पूर्व अध्यक्ष की पिटाई कर दी। उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पीड़ित की तहरीर पर पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शीतलाधाम मंदिर प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष जनार्दन प्रसाद मिश्र ने बताया कि चुनावी नतीजे आने के बाद रविवार रात तकरीबन आठ बजे वह अपने दरवाजे पर बैठे थे। इसी दौरान चुनाव में शिकस्त मिलने से बौखलाए अध्यक्ष पद के उम्मीदवार उदयनारायण पंडा अपने समर्थक अमन, अन्नू, अनूप व सियंबर के साथ आए और नतीजों को लेकर बहस शुरू कर दी। आरोप है कि बात बढ़ने पर सभी ने उन्हें बेरहमी से पीटते हुए उनका मोबाइल तोड़ दिया। पुलिस फोर्स ने दखल देकर मामला शांत कराया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सोमवार को पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।