कोखराज कोतवाली के समीप पिकअप की टक्कर से बोलेरो सवार हमीरपुर के एएसपी व उनके सुरक्षा कर्मियों समेत चार लोग जख्मी हो गए। मूरतगंज पीएचसी में सभी का इलाज कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी लोग दूसरे वाहन से महाकुंभ ड्यूटी के लिए प्रयागराज रवाना हो गए।
हमीरपुर जनपद में तैनात अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता की प्रयागराज के महाकुंभ में ड्यूटी लगी है। मंगलवार सुबह वह अपनी सरकारी बोलेरो से ड्राइवर व दो सुरक्षा कर्मचारियों के साथ ड्यूटी करने जा रहे थे। कोखराज कोतवाली के सामने उनकी बोलेरो में पीछे से आई पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में एएसपी के साथ उनके दोनों गनर और चालक भी जख्मी हो गए।
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही कोखराज इंस्पेक्टर चंद्रभूषण मौर्य मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को निजी वाहन से मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सभी का इलाज किया। बताया कि किसी की भी भर्ती करने जैसी स्थिति नहीं थी। कुछ ही देर बाद अफसर सरकारी वाहन ठीक कराकर उसी से प्रयागराज चले गए। पुलिस ने पिकअप को चालक समेत पकड़ लिया है।