नगर पालिका क्षेत्र के पुरानी बाजार मोहल्ले की एक महिला ने चायल क्षेत्र के पूर्व विधायक दयाराम पासी पर जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है। हालांकि, विरोध और हंगामे के बाद पूर्व विधायक के लोग वापस लौट गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत कोखराज कोतवाली पुलिस से की है।
पुरानी बाजार भरवारी निवासी महमूदा बेगम पत्नी कुतुबुद्दीन का कहना है कि वार्ड नंबर 24 शहीद गुलाब सेन नगर में उसकी पुश्तैनी कब्रिस्तान की भूमि है। आरोप है कि इस भूमि पर पूर्व विधायक दयाराम पासी कब्जा कर रहे हैं। रविवार सुबह पूर्व विधायक के गुर्गे कब्रिस्तान की जमीन पर ट्रैक्टर चला रहे थे। जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंची और जमीन पर ट्रैक्टर चला रहे मजदूरों व गुर्गों का विरोध करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। इस पर सभी भाग गए। पीड़िता ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस से की है। वहीं पूर्व विधायक के बेटे आशीष पासी का कहना है कि गुलाब बिहार कॉलोनी के समीप उनकी पुश्तैनी भूमि है। पहले भी महिला ने एसडीएम से शिकायत की थी। तत्कालीन एसडीएम ने राजस्व टीम भेज कर नाप जोख कराते हुए महिला की भूमि को अलग करवा दिया था। रविवार सुबह पुश्तैनी भूमि में उगी झाड़ियों और कूड़े के ढेर की साफ-सफाई के लिए मजदूरों को भेजा गया था।